सिरमौर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को मारकंडा नदी के समीप सड़क किनारे एक पेड़ गिरने से नाहन-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। इससे खजूरना पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को करीब आधे घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल किया गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने तथा मौसम को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।