सिरमौर जिले में शुक्रवार सुबह अधिकतर स्थानों पर बारिश हुई। मलबा और पत्थर आने से एनएच और संपर्क सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई। पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाइवे 707 भूस्खलन के चलते दो घंटे बंद रहा। जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाइवे 707 पर उत्तरी में भूस्खलन होने से मार्ग पर बड़ी-बड़ी चट्टानें और मलबा आ गिरा। इस दौरान एक कार इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बची। वहीं कार में सवार लोगों ने भागकर जान बचाई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। दो घंटे में एनएच के विस्तारीकरण कार्य में लगी कंपनी की मशीनों ने यातायात बहाल करवाया।