शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 23 करोड़ की लागत से मानल-कोडग़ा संपर्क सड़क की कटिंग, मेटलिंग और टॉरिंग का कार्य किया जाएगा। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सोमवार को कोडग़ा में सड़क के कार्य का शिलान्यास किया। क्षेत्र की 5 हजार की आबादी को अब बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र के हर इलाके का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। इसके मद्देनजर इस कार्यकाल अभी तक शिलाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ से अधिक कि विकासात्मक योजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करवाया गया है, जिनका कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए शिलाई विधान सभा क्षेत्र में बहुत सी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उद्योग मंत्री ने शिकांडो में सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख, कोडगा में सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख, रमभोल में सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख, माना में सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय पहले प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र किया गया। परंतु देव भूमि हिमाचल में यह षड्यंत्र असफल साबित हुआ था। इस अवसर पर मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, कार्यकारी एसडीएम कमराऊ निशा आजाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शिलाई रजनीश बंसल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति शिलाई प्रदीप चौहान, बीडीओ तिरलोरधार रमेश नेगी, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, ओएसडी अतर राणा, पूर्व वाइस चेयरमैन जिला परिषद अमर सिंह कपूर, प्रधान लिला देवी आदि मौजूद रहे।