देशभर में अपनी अलग पहचान रखने वाला सिरमौरी लहसुन की खोदाई का कार्य लगातार बारिश के चलते प्रभावित हो रहा है। भारी नमी के चलते किसानों को अपनी नकदी फसल के खराब होने की चिंता सता रही है। यदि इस सप्ताह भी बारिश रहती है तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि रविवार को धूप खिलने से किसानों ने राहत की सांस ली। और लहसुन की खोदाई के बाद कंटाई और छंटाई का कार्य किया। बता दें कि सिरमौर जिला में इन दिनों लहसुन तैयार है। लेकिन लगातार बारिश के चलते इसकी खोदाई नहीं हो पा रही है। कई जगह किसान खोदाई कर भी रहे हैं, वहां पर गीला होने के चलते लहसुन इसके खराब (खिलने) होने की आशंका बनी हुई है। वहीं यदि ज्यादा दिन तक गीली जमीन में लहसुन रहेगा तो उसकी बाहरी परत में कालापन आएगा। किसानों को इसके वाजिब दाम नहीं मिल पाएंगे।