मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में जिला सिरमौर कांग्रेस लीगल सेल ने कड़ा रुख अपनाया है। लीगल सेल के मुख्य संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र पाल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ता विनय शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र पाल ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों की आलोचना करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक मंच पर अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज में कानून और संविधान के प्रति सम्मान का प्रतीक होता है, इसलिए उससे जिम्मेदार और मर्यादित आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिवक्ता सार्वजनिक मंच पर मर्यादा का उल्लंघन करता है, तो इससे पूरे विधिक पेशे की गरिमा प्रभावित होती है। इसलिए मामले में निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान शकील अहमद, करण चौहान, वसीम खान, अंशुल खान, विपिन ठाकुर और संजय थापा सहित अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।