आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सिरमौर कांग्रेस ने अभी से संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस भवन नाहन में जिला कांग्रेस की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आनंद परमार ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। जिला अध्यक्ष आनंद परमार ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के स्तर पर सक्रिय रहने और आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया। बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भी लोगों के बीच पार्टी का पक्ष रखने का संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को मजबूत करने पर भी जोर देने के लिए कहा गया। बैठक में कैप्टन सलीम अहमद सहित कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।