पर्यावरण दिवस आते ही सभी संगठन विला राउंड में जाकर पौधे लगाने की औपचारिकता निभाना शुरू कर देते हैं, सालों से यही हो रहा, जबकि यहां पर अब पौधे लगाने की जगह ही नहीं बची है, यह बात फ्रेंडस ऑफ फोरेस्ट की जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए जिला महासचिव डॉ दीन दयाल वर्मा ने कही। नाहन में बैठक के दौरान दीन दयाल वर्मा ने नाहन मंडल से रानीताल पार्क की चार दिवारी के किनारे पर पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी मंडल अपनी-अपनी जिम्मेदारी तय करें। उन्होंने सभी पेंशनर सदस्यों से अपनी पेंशन का 10 प्रतिशत अपने ऊपर भी खर्च करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवारों के लिए चाहे चार लाख छोड़ो या फिर चाहे एक लाख रुपये, मरने के बाद यही कहेंगे कि बूढ़ा हमारे लिए कुछ नहीं छोड़ कर गया। ऐसे में खुद पर भी पैसे खर्चे और समाजसेवा से जुड़े। घर में बिस्तर पर पड़े रहेंगे तो बिस्तर ही हमें पकड़ लेगा। कार्यक्रम में विधि सलाहकार अजय कुमार बाली ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। जबकि अध्यक्षता जिला प्रधान डॉ प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा की गई। बैठक में सदस्यों ने पलास्टिक के बढ़ते उपयोग, इसके पुनश्चचक्रण की व्यवस्था की प्रणाली सुदृढ न होने के कारण पर्यावरण और जीव तंत्र को होने वाले नुकसान के प्रति चिंता प्रकट की गई। सदस्यों ने इस साल में अपनी पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन में सशक्त सशक्त भूमिका निभाने की वचनबद्धता को दोहराया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष ने जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए हिमेश कुमार चौहान को जिला कार्यालय सचिव के पद पर मनोनित किया। महेश कुमार ने प्लास्टिक के कचरे के सही निष्पादन के लिये आम जन को जागरुक करने की महता पर बल दिया और इसके सही निस्पादन और प्रबंधन में आम जनता की उदासीनता को रेखाकित किया। इस मौके पर जिला सलाहकार नसीम मोहममद दीदान, जिला महासचिव डा. दीन दयाल वर्मा समेत जिला उप प्रधान लायक राम, पांवटा इकाई के महासचिव हर्ष मोहन, बाबू राम चौहान वरिष्ठ जिला उप प्रधान, महेश कुमार, नाहन इकाई के महासचिव दलीप सिंह, राजेंद्र ठाकुर, रोशन लाल, रेणुका इकाई से राम दयाल व अजमेर सिंह आदि 50 सदस्य मौजूद रहे।