लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत सभी कर्मचारियों का डाटा ''डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम फॉर इलेक्शन'' (डाइस) वेब एप्लीकेशन पर डालना अनिवार्य है। एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी नाहन सलीम आजम वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) के एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि डाइस वेब एप्लीकेशन में अपलोड डाटा के आधार पर ही कर्मचारियों की निर्वाचन संबंधी ड्यूटी लगाई जाएंगी। सभी विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों एवं संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों का डाटा वेब एप्लीकेशन पर अपलोड एवं अपडेट करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित बनाएं। सभी कर्मचारियों का डाटा अपलोड और अपडेट करना डीडीओ की व्यक्तिगत जिम्मेवारी रहेगी। इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगो हरी शर्मा के अलावा निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी, विभिन्न विभागों के डीडीओ और अन्य कर्मचारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित रहे।