हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को मेडिकल कॉलेज नाहन में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 130 कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान दोनों पुराने संगठनों को भंग कर सर्वसम्मति से नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। सिरमौर जिला के राजीव रमौल को संगठन का नया प्रदेशाध्यक्ष चुना गया। नई कार्यकारिणी में चंबा जिला के चमन भरमौरी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कांगड़ा के त्रिलोक कपूर को प्रदेश महासचिव, मंडी के नारायण भारद्वाज को संयुक्त सचिव और सोलन के कुलदीप शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। कनिष्क, अनिल कुमार, अवतार सिंह, रामलाल, विनोद कुमार, डाली कुमार, वीरेंद्र कुमार और मोहित को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा रमेश भारद्वाज को कानूनी सलाहकार, मनोहर को प्रेस सचिव और बुध राम को मीडिया प्रभारी बनाया गया। कर्मवीर, सीताराम, बिमला, रीना, शांता, अनिल कुमार, मलिका तोमर, अरविंद तोमर और बुधराम को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी दी गई। संगठन ने सुरेश को उपाध्यक्ष और सुभाष को कार्यकारिणी में सचिव के रूप में शामिल करने का निर्णय भी लिया। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राजीव रमौल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि संगठन सभी जिलों को साथ लेकर चलेगा। कर्मचारियों के हितों की रक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी। महत्वपूर्ण निर्णय सामूहिक विचार-विमर्श से लिए जाएंगे और कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठनात्मक मतभेद दूर करने, सभी जिलों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने और वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने पर चर्चा हुई। पुरानी कार्यकारिणी के आय-व्यय का पूरा विवरण प्राप्त करने के लिए अलग से बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। राजीव रमौल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की मांग सरकार के समक्ष उठाई जाएगी। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक ड्रेस कोड लागू करने और पांच वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद पदोन्नति के अवसर उपलब्ध करवाने की मांग भी प्रमुखता से रखी जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाना और उनके समाधान के लिए सरकार के साथ संवाद स्थापित करना रहेगा। प्रदेशाध्यक्ष ने पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते और दीपावली पर 10 हजार रुपये के एरियर से संबंधित राहत के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार भी जताया।