पांवटा साहिब(सिरमौर)। बुधवार को हिमाचल प्रदेश संयुक्त किसान मोर्चा पांवटा इकाई की बैठक विश्राम गृह में आयोजित हुई। बैठक के बाद धरना प्रदर्शन किया गया। किसान जुलूस में किसान हाथों में तख्तियां और काले झंडे लेकर पहुंचे। इस दौरान भारत-अमेरिका डील की प्रतियां जलाईं। एसडीएम पांवटा साहिब के माध्यम से देश की राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया है। इसमें देश के किसानों व आम जनविरोधी ट्रेड डील का संयुक्त किसान सभा ने विरोध जताया है। संयुक्त किसान मोर्चा पांवटा साहिब इकाई अध्यक्ष तरसेम सिंह सग्गी, सह संयोजक गुरविंद्र सिंह गोपी व दारा सिंह ने कहा कि मोदी-ट्रंप डील किसान विरोधी है। इनकी प्रतियां जलाकर विरोध जताया गया है। केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई कृषि और व्यापार संबंधी डील सीधे तौर पर देश के अन्नदाता और छोटे व्यापारियों पर सीधा हमला है। इस डील के तहत विदेशी कंपनियों को भारतीय बाजार में एंट्री मिलेगी। इससे हमारे किसान, बीज और मंडियां सब बर्बाद हो जाएंगी। किसान नेताओं ने आरोप लगाया है कि केंद्र की सरकार कॉरपोरेट घरानों के हाथों देश की खेती बेचना चाहती है। इस अवसर पर सरवण सिंह, मनीष तोमर पूर्व प्रधान भरली, भूपेंद्र सिंह, दारा सिंह, सायरा बानों, हरबंस सिंह, तरण सिंह समेत किसान संगठनों के सजस्य मौजूद रहे।