जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने पंचायत आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (पीईआरसी) योजना का शुक्रवार को नाहन में शुभारंभ किया। इस अवसर पर दस चयनित ग्राम पंचायतों बकरास, जरवा जुनैली, वासनी, सतौन, शिवपुर, लुधियाना, नौहराधार ,कोटला बांगी, करगानु, कौलांवालाभूड के प्रतिनिधियों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने आपातकालीन प्रतिक्रिया किट प्रदान की गई। इसका उपयोग आपातकालीन स्थिति में पंचायत प्रशासन के सहयोग से कर सकेगी। उपायुक्त ने बताया कि पीईआरसी योजना समर्थ 2025 के तहत आपदा जोखिम न्यूनीकरण और स्थानीय स्तर पर समन्वय सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सिरमौर जिले की सभी 259 ग्राम पंचायतों में पंचायत आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (पीईआरसी) स्थापित किए जाएंगे व आपातकालीन प्रतिक्रिया किट (ईआरके) प्रदान की जाएगी। इसमें रस्सी, हेलमेट, स्ट्रेचर, सर्च लाइट, दस्ताने, रेनसूट, सीढ़ी, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य बचाव उपकरण शामिल होंगे। इसके अलावा, 21 आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें 7 उपमंडल, 9 तहसील और 5 उप तहसील में स्थापित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन को मजबूत करना और आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है, जिससे जानहानि और संपत्ति की क्षति को कम किया जा सके। इस अवसर पर डीडीएमए की प्रतिनिधि अनिता ठाकुर , अरविंद चौहान और डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का स्टाफ उपस्थित रहे।