डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के स्कूल ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नर्सिंग छात्राओं ने टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा सिमरन कौर ने किया। इस मौके पर छात्राओं उर्वशी, शगुन, साक्षी और सुनिधि ने टीबी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करता है और समय पर उपचार न मिलने पर गंभीर रूप ले सकता है। छात्राओं ने टीबी के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। साथ ही सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं और निशुल्क उपचार सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। नर्सिंग छात्राओं ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से लोगों को टीबी हारेगा, देश जीतेगा जैसे संदेश देकर जागरूक किया। इस अवसर पर नर्सिंग स्कूल की प्रधानाचार्या रेखा डोगरा, नीति शर्मा, किरन और ऊषा रानी मौजूद रहीं। अंत में सभी छात्राओं ने टीबी उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने और समाज को स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया।