केंद्र सरकार के बजट पर एनएसयूआई संगठन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नाहन में आयोजित पत्रकारवार्ता में एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मनदीप ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में हिमाचल की पूरी तरह से अनदेखी की है। हिमाचल प्रदेश को कोई विशेष राहत पैकेज न देकर हिमाचल को मिलने वाले फंड में भी कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हिमाचल में बड़ी आपदा के बावजूद भी बजट में कोई विशेष राहत पैकेज केंद्र से नहीं मिला है। किसी भी क्षेत्र में कोई पैकेज नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल से जनता ने चुनकर 4 सांसदों सहित मंत्री को केंद्र में भेजा है, फिर भी हिमाचल को नजर अंदाज किया जा रहा है। आखिर क्यों यह नेता हिमाचल की आवाज नहीं उठा रहे हैं। राजस्व अनुदान घाटा की किस्त को भी खत्म करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट से युवाओं, किसानों सहित आम लोगों को निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग उठाई कि हिमाचल का ध्यान भी रखा जाए। इस दौरान अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।