फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Water Bill: नाहन में एक साल से नहीं आए पानी के बिल, उपभोक्ताओं में रोष; बोले- एक साथ हजारों का बिल आया तो कैसे करेंगे भुगतान

जिला मुख्यालय नाहन में जलशक्ति विभाग के उपभोक्ताओं को करीब एक साल से पीने के पानी के बिल नहीं मिले हैं। लोगों के अनुसार विभाग ने अगस्त 2025 में पानी के बिल दिए थे, लेकिन इसके बाद अब तक अगला बिल जारी नहीं किया गया है। लंबे समय से बिल नहीं मिलने के कारण शहरवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि पानी के बिल नियमित रूप से जारी नहीं होने का खामियाजा उपभोक्ताओं को आगे भुगतना पड़ सकता है। उनका कहना है कि यदि विभाग एक साथ एक साल या उससे अधिक अवधि का बिल जारी करता है तो कई परिवारों पर हजारों रुपये का भुगतान करने का बोझ पड़ सकता है। ऐसे में लोगों के लिए एकमुश्त राशि जमा करना मुश्किल होगा। वरिष्ठ नागरिक शमशेर सिंह ठाकुर और कमलेश पुंडीर ने बताया कि उन्होंने पानी के बिलों को लेकर जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से बात की थी। अधिकारियों की ओर से उन्हें बताया गया कि विभाग पानी के बिलों की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर रहा है और यह काम वार्डवार किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पानी के बिल जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से कर्मचारियों की कमी का भी हवाला दिया गया है। इसी कारण अभी तक पानी के बिल उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच पाए हैं। वरिष्ठजनों का कहना है कि अगस्त 2025 में बिल मिलने के बाद अब करीब एक साल बीत चुका है। इसके बावजूद बिल जारी नहीं किए गए हैं। उन्हें चिंता है कि पता नहीं अब और कितना समय लगेगा। उन्होंने कहा कि जब भी बिल आएंगे तो लंबे समय की राशि एक साथ जुड़ने से भुगतान की रकम काफी अधिक हो सकती है। इससे खासकर वरिष्ठ नागरिकों और सीमित आय वाले परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो सकती है। शहरवासियों ने जलशक्ति विभाग से मांग की है कि पानी के बिल नियमित अंतराल पर जारी किए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं पर एक साथ बड़ी रकम चुकाने का बोझ न पड़े।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें