करवा चौथ के पर्व पर नाहन की महलात की घाटी में महिलाओं के लिए निशुल्क मेहंदी-श्रृंगार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक महिलाओं ने हाथों और पैरों पर मेहंदी लगवाई। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस आयोजन में देर शाम तक महिलाओं की आवाजाही बनी रही। आयोजकों की ओर से महिलाओं के लिए निशुल्क मेहंदी के साथ जलपान की व्यवस्था भी की गई। करवा चौथ पर मेहंदी लगाने का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर सुहागिन महिलाएं व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना करती हैं। पर्व से पहले महिलाएं मेहंदी लगाने, सोलह शृंगार करने और पूजा की तैयारियों में जुट जाती हैं। नाहन में आयोजित शिविर के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक डिजाइनों से अपने हाथ सजाए और एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। शिविर की खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं को निशुल्क मेहंदी लगाने के साथ यूको आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला। इससे प्रशिक्षित युवतियों को अपने कौशल को सामने लाने का मंच मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान ने रिबन काटकर किया। निशुल्क मेहंदी-श्रृंगार शिविर का आयोजन टीआईसी वीजा कंपनी की ओर से किया गया। इस अवसर पर टीआईसी वीजा कंपनी के निदेशक विकास रतन, कोषाध्यक्ष भावना रत्न, रोटरी नाहन सिरमौर हिल क्लब की अध्यक्ष प्रगति सबलोक, डॉ. सुरेश सबलोक, इनर व्हील क्लब की पूर्व अध्यक्ष अलका महिंद्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अनुराधा राणा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।