नाहन शहर में रविवार को निकाली गई भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा धार्मिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल बन गई। ऐतिहासिक चौगान मैदान से शुरू हुई रथयात्रा जब पक्का टैंक क्षेत्र पहुंची तो मुस्लिम समुदाय के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ इसका स्वागत किया। रथयात्रा के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे। इस दौरान भगवान श्री जगन्नाथ को फलों का प्रसाद अर्पित किया गया और ढोल बजाकर श्रद्धा प्रकट की गई। अंजुमन इस्लामिया सोसायटी नाहन के प्रधान बॉबी अहमद ने भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाकर आपसी एकता और सद्भाव का संदेश दिया। स्वागत कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया सोसायटी के प्रधान बॉबी अहमद, मुस्लिम सोसायटी नाहन के अध्यक्ष कैप्टन सलीम अहमद, गुलशन अहमद सहित मुस्लिम नवयुवक सोसायटी के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। इसके बाद कच्चा टैंक स्थित जामा मस्जिद के समीप भी रथयात्रा का स्वागत किया गया। बॉबी अहमद और कैप्टन सलीम अहमद ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा का स्वागत करना उनके लिए खुशी और सम्मान का अवसर है। उन्होंने कहा कि नाहन शहर लंबे समय से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को आगे बढ़ाता रहा है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। वहीं, भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा मंडल नाहन के अध्यक्ष प्रकाश बंसल, भुवन जोशी और अन्य सदस्यों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को टोपी पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम ने नाहन में एकता, प्रेम और सामाजिक समरसता का सकारात्मक संदेश दिया।