डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन 13 से 15 अक्तूबर तक युवा महोत्सव समूह-1 की मेजबानी करेगा। इस आयोजन को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने शनिवार को पत्रकार वार्ता की। प्राचार्य ने बताया कि इस वर्ष 13 से 15 अक्तूबर तक डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव समूह-1 की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव महाविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी कला, प्रतिभा और सृजनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 13 अक्तूबर को सुबह 10:00 बजे नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी करेंगे, जबकि समापन समारोह में 15 अक्तूबर को शाम 3:00 बजे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्यातिथि रहेंगे।