उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह के साथ लगते जंगल मे सड़क निर्माण के लिए 400 के करीब पेड़ काटे जाने की शिकायत स्थानीय महिला कमलेश देवी ने एसडीएम संगड़ाह, डीएफओ रेणुका जी, डीसी सिरमौर तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री व राज्यपाल को भेजी है। शिकायत पत्रों की प्रति जारी करते हुए पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि, गत 29 व 30 सितंबर को भेजी गई इस शिकायत पर अब तक संबंधित विभागों के स्थानीय कर्मचारियों ने कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि इस सड़क के शुरुआती हिस्से पर पंचायत का भी कुछ बजट खर्च करवाया गया। शिकायत पत्र में उन्होंने नियमों की अनदेखी कर कांग्रेस के प्रभावशाली नेता पर शामलात भूमि बेचने के भी आरोप लगाए। कमलेश ने स्थानीय प्रशासन व प्रदेश सरकार से पेड़ों को लेकर निष्पक्ष जांच व कार्रवाई करने की मांग की है। उधर पंचायत सचिव लेख राज ने बताया कि, पंचायत द्वारा करीब 2 लाख की लागत से बिना पेड़ों वाली जमीन पर केवल 250 मीटर के करीब सड़क बनाई गई है। इसके आगे सड़क संभवत खुद जमीन के मालिक द्वारा बनाई जा रही है।