सिरमौर जिले में मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के उददेश्य से जिला की 259 पंचायतों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल, युवा मंडल, स्वयं सहायता समूहों का सहयोग लिया जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि लोकसभा चुनाव-2024 में इस बार कम से कम 75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी सुमित खिमटा बुधवार को नाहन में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक वार्ता के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मिशन 414 के तहत ऐसे मतदान केंद्रों को चिन्हित किया गया है, जहां पर लोकसभा चुनाव-2019 में मतदान प्रतिशतता 60 प्रतिशत से कम रही थी।