कांग्रेस रेणुका मंडल की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में मंडल अध्यक्ष तपेंद्र चौहान ने भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी कर रही है, जबकि रेणुका विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक विकास कार्य कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए हैं। तपेंद्र चौहान ने कहा कि वर्तमान विधायक और उनके स्वर्गीय पिता डॉ. प्रेम सिंह के कार्यकाल में रेणुका विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिली। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान क्षेत्र में 34 सड़कों का निर्माण कराया गया, जिससे दूरदराज के गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिली। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दर्जनों शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थान भी खोले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कर पाई। अब अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास कार्यों की सच्चाई से भलीभांति परिचित है और भाजपा के दावों से भ्रमित होने वाली नहीं है।