नव युवा भारत संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भावन शर्मा ने राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हालात को समय रहते संवाद के माध्यम से संभाला जा सकता था। नाहन में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। भावन शर्मा ने कहा कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल थे। उनके अनुसार कुछ लोग राजनीतिक विचारधारा से जुड़े हो सकते हैं, लेकिन अधिकांश ऐसे युवा थे जिनका किसी राजनीतिक दल या एजेंडे से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से कई ऐसे युवाओं को जानते हैं जो प्रदर्शन में शामिल थे। उनके मुताबिक उनकी गतिविधियों में ऐसा कुछ नहीं था जिससे उन्हें राष्ट्रविरोधी कहा जा सके। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों, विशेषकर युवाओं को अपनी मांगों और मुद्दों पर सवाल पूछने तथा अपनी बात रखने का अधिकार है। भावन शर्मा ने कहा कि नव युवा भारत संघ लोकतांत्रिक मूल्यों और जवाबदेही में विश्वास रखता है। उनका कहना था कि सत्ता किसी भी दल के पास हो, जनता को उससे सवाल पूछने का अधिकार हमेशा बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग से बचा जाना चाहिए था और संवाद के जरिए समाधान निकालने का प्रयास होना चाहिए था।