नवभारत युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भावन शर्मा ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि शिमला में एक महिला की हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है। हत्या के बाद महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने आरोप लगाए थे। साथ ही अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी। इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। भावन शर्मा ने सवाल उठाया कि बाहरी नंबर की गाड़ी में आए लोगों की ओर से एक महिला की हत्या कर दी जाती है, लेकिन अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई है और न ही सरकार कोई स्पष्ट जवाब दे पा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।