सिरमौर जिला के शीतकालीन स्कूलों में 42 दिन के बाद रौनक लौटी। स्कूलों में पहले दिन पढ़ाई के अलावा दूसरी गतिविधियां आयोजित की गई। राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेमनगर में शीतकालीन अवकाश के बाद नए शिक्षासत्र की शुरुआत विद्यार्थियों का स्वागत फूल-मालाएं पहनाकर की गई। शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाया और उनके साथ ज्ञानवर्धक रोचक गतिविधियां आयोजित कीं, ताकि विद्यार्थियों का बौद्धिक, सामाजिक, भावनात्मक और शारीरिक विकास खेल-खेल में हो सके। विद्यालय के प्रभारी मायाराम शर्मा और अध्यापिका सृष्टि शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को विद्यालय में खुशनुमा माहौल प्रदान करने और विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह की गतिविधियों का आयोजन सत्र की शुरुआत में किया गया है। इससे बच्चे खुशी-खुशी विद्यालय आते हैं और उसका मन विद्यालय में लगा रहता है। विद्यालय के तनावपूर्ण माहौल को दूर करने के लिए इस तरह के आयोजन का बहुत महत्व है, इसमें बच्चे बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। मायाराम शर्मा ने बताया कि सत्र के पहले दिन की शुरुआत में ही विद्यालय में पांच बच्चों ने प्रथम कक्षा में दाखिला लिया। विद्यालय ने अपने स्तर पर दो सालों से प्री प्राइमरी कक्षाओं को संचालित किया है, यह पहल नामांकन संख्या में वृद्धि के लिए कारगर साबित हो रही है। मायाराम शर्मा ने बताया कि स्कूल में नामांकन वृद्धि के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन जागरूकता अभियान भी आयोजित किया जा रहा है। इसके सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं।