जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगते चिड़ावाली क्षेत्र के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिरमौर को एक शिकायत सौंपकर उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। शिकायत में पीड़ित दीन मोहम्मद निवासी चिडांवाली सहित अन्य लोगों ने कहा कि बुरी तरह से मारपीट को लेकर पुलिस थाना कालाअंब में 10 जून को शिकायत दर्ज करवाई गई थी। पुलिस द्वारा मामले में एक आरोपी को छोड़कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है, ऐसे में पीडि़त को जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने शिकायत में कहा कि वारदात के दौरान जो वाहन प्रयोग में लाया गया था वह भी अभी तक पुलिस ने कब्जे में नहीं लिया है। शिकायत में मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित दीन मोहम्मद नाहन के चिड़ावाली क्षेत्र में रहता है और आमवाला में भूसा बेचने का कार्य करता है। जहां उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था।