किन्नौर के नए पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने पदभार संभाल लिया है। बिलासपुर निवासी सुशील कुमार इससे पहले पुलिस मुख्यालय शिमला में एसपी के पद पर सेवाएं दे रहे थे। वह पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मुख्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी सुशील कुमार ने कहा कि वे जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, नशा और अपराध पर रोकथाम, जनहित में निष्पक्ष और पारदर्शी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पुलिस प्रशासन जनता के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाते हुए विश्वास और संवाद पर आधारित व्यवस्था स्थापित करेगा। विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से दूर रखने, चिट्टा और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। पर्यटकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। एसपी सुशील कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाएं और समाज निर्माण में योगदान दें, ताकि किन्नौर जिला शांत, सुरक्षित और नशामुक्त बन सके।