स्वास्थ्य विभाग रामपुर की ओर से शनिवार को सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण अभियान बारे जागरूक किया गया। सनशाइन सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को सर्वाइकल कैंसर के बारे जानकारी दी। स्कूल प्रधानाचार्य सुषमा मखैक ने स्कूल पहुंचने पर स्वास्थ्य कर्मियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों सहित शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। स्वास्थ्य समन्वयक जोशी ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से होने वाले इस कैंसर को समय पर टीकाकरण से काफी हद तक रोका जा सकता है। यह वैक्सीन हमारी बेटियों और माताओं के सुरक्षित भविष्य का सुरक्षा कवच है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि बिना किसी संकोच अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में बेटियों का टीकाकरण मार्च माह से शुरू हो जाएगा, जो भी बेटी 14 वर्ष पूरा कर चुकी है, उसे ये टीकाकरण किया जाएगा। अभियान तीन माह तक चलेगा, ताकि कोई भी बेटी जिसकी उम्र 14 से 15 वर्ष हो, वह इस टीकाकरण से न छूटे। उन्होंने कहा कि इस टीके की कीमत बाजार में 10 हजार तक है, लेकिन भारत सरकार इस टीके को निशुल्क लगा रही है, ताकि सर्वाइकल कैंसर को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके।