पदम छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर में शुक्रवार को छात्रा वर्ग की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले भर से आई छात्राएं विभिन्न स्पर्धाओं में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पदम छात्र स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश परमार और एसएमसी अध्यक्ष सुरेश कुमार बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। रामपुर में शुक्रवार से छात्रा वर्ग की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। इस प्रतियोगिता में जिले के 18 खंडों से आई 402 खिलाड़ी भाग ले रही हैं। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, लोकनृत्य, शतरंज, योगा, समूहगान, वोकल सोलो क्लासिकल, वन एक्ट प्ले और वाद विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शुभारंभ पर आए मुख्यातिथि राजेश परमार ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को बेहतर प्रदर्शन की बधाईदी। उन्होंने खेल को खेल की भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। कहा कि खेल मानसिक और शारीरिक रूप से विद्यार्थियों के विकास में अहम भूमिका निभाता है। प्रतियोगिता के पहले दिन छात्राओं ने योगा स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। वोकल सोलो फोल्क में रामपुर ने पहला और सुन्नी स्कूल ने दूसरा स्थान पाया। वोकल सोलो क्लासिकल में सुन्नी पहले, रोहड़ू दूसरे, समूहगान में रोहड़ू पहले और रामपुर खंड दूसरे स्थान पर रहा। शनिवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। इस मौके पर खेल प्रभारी नंद लाल शर्मा, उप प्रधानाचार्य संतोष शर्मा, तिलक शर्मा, खेम चौहान, प्रभात, सुधीर रौहटा और संत लाल सहित अन्य मौजूद रहे।