नगर परिषद ठेका मजदूरों ने वेतन न मिलने पर दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रखा। कामगारों ने एनएच पांच से होकर नगर परिषद कार्यालय तक रोष रैली निकाली। सफाई कर्मियों ने नगर परिषद और श्रम विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर परिषद रामपुर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले सफाई कर्मियों ने शुक्रवार को भी प्रदर्शन किया। शहर में जगह जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। नगर परिषद रामपुर ठेका मजदूर यूनियन संबंधित सीटू के बैनर तले कार्य कर रहे मजदूरों को फरवरी माह का वेतन नहीं मिला है। इसके कारण कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया। सीटू जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह और यूनियन अध्यक्ष ललिता ने कहा कि नगर परिषद प्रबंधन, ठेकेदार और श्रम विभाग की मिलीभगत से नगर परिषद क्षेत्र में कूड़ा और सफाई का काम कर रहे मजदूरों को फरवरी माह का वेतन नहीं दिया गया है, जबकि कानून के अनुसार 7 तारीख से पहले वेतन देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ठेका मजदूरों पर किसी भी श्रम कानूनों को लागू नहीं किया जा रहा है और न ही मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम किए जा रहे हैं। मजदूरों को न तो श्रम अधिकारी की ओर से सत्यापित कोई पहचान पत्र, वेतन स्लिप, रविवार की छुट्टी के अलावा अन्य कोई छुट्टी त्योहार, मेडिकल, आकस्मिक, अर्जित अवकाश तक नहीं दिया जा रहा। महंगाई लगातार बढ़ रही है। तेल, दाल, आटा, चावल, सब्जियों के दाम, रसोई गैस, कमरे का किराया, बस किराया की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। समय पर वेतन न मिलने से मजदूरों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।