फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahr: स्वर्ग प्रवास से लौटे देवताओं ने की भविष्यवाणी, इस साल बेहतर होगा सेब सहित अन्य नकदी फसलों का उत्पादन

इस साल सेब सहित अन्य नकदी फसलों का उत्पादन बेहतर होगा। एक माह के स्वर्ग प्रवास से देवालय लौटकर देवताओं ने अपने गूरों के माध्यम से यह भविष्यवाणी की। उपमंडल के अधिकांश देवी देवता वीरवार को मंदिर लौटे। देवालय पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपने इष्ट देवताओं को ढोल नगाड़ों की थाप पर भव्य स्वागत किया। परशुराम की चार ठहरियों में शुमार देवता साहिब दमुख के मंदिर परिसर में एक माह के अंतराल बाद देवालय लौटने पर दशोटी के लोगों ने भारी संख्या में पहुंच कर अपने इष्ट देवता का ढोल नगाड़ों की थाप पर गर्मजोशी से स्वागत किया। मनगांवण कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से लोगों का सुबह से ही मंदिर पहुंचना शुरू हो चुका था। धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए दोपहर 12:00 बजे के बाद कार्यक्रम शुरू हुआ। विधि विधान और पूजा अर्चना के साथ ही देवता के गूर ने लोहे की सलाखों को मुंह में डाल कर परशुराम की जय से आगाज किया। उसके उपरांत कार कारिंदे और लोगों ने जुलूस के साथ मंदिर के चारों तरफ गूर की ओर से परिक्रमा की रस्म निभाई गई। मंदिर परिसर में पहुंचने के उपरांत परिक्रमा की समाप्ति पर लोहे की छड़ को शिव दवाला मंदिर में मुंह से निकाल कर मंदिर परिसर में सैकड़ों लोगों के समक्ष गूर प्रवीण ने साल भर के लिए फलादेश सुनाया। गूर ने देवता की वाणी का बखान करते हुए जिक्र किया कि देव संसद में देवताओं की हार हुई है। मिट्टी खरशू के नीचे बैठी है। इसका अर्थ यह निकला कि यह साल कृषि बागवानी के लिहाज से मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए लाभप्रद रहेगा। ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदा से देवता ने इंकार नहीं किया है। क्षेत्र में सुख शांति बनी रहेगी। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। दशोटी के इलावा बाहरी क्षेत्रों से भी लोग देवता साहिब से सुख समृद्धि का आशीर्वाद लेने पहुंचे। परशुराम मंदिर समिति प्रधान खेल चंद नेगी ने कहा कि मंदिर में भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर मंदिर समिति महासचिव जीएल डमालू, कोषाध्यक्ष दुर्गा दत्त शर्मा, ज्ञान हुडन, वीरेंद्र नेगी, रूप दास शर्मा, जानकी दास शर्मा, भगत राम, फूला सिंह, चरण दास, गुरजीत और श्रवण महाजन सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें