फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डंसा: बस हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर पहुंचे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, सड़क की मरम्मत करने के दिए निर्देश

नोग वैली के राय शरण बस हादसे के बाद ग्रामीणों के आक्रोश और प्रदर्शन का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शुक्रवार को दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसा स्थल का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से बातचीत की और सुंडा-सनेई सड़क का निरीक्षण कर उसकी बदहाल स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने कराली, जगूनी और सनेई गांव के लोगों के साथ क्षेत्र की विकासात्मक समस्याओं पर चर्चा की। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क की हालत सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के रखरखाव और सुधार के लिए प्राथमिकता के आधार पर बजट का प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजने को कहा। जगूनी में ग्राम सुधार समिति और अन्य स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं। विक्रमादित्य सिंह ने आश्वासन दिया कि सड़क पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। तंग मोड़ों और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया। इस दौरान परशुराम मंदिर समिति ने सनेई से शिकारी मंदिर तक अधूरे पड़े सड़क मार्ग के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी मंत्री को अवगत करवाया। इससे पहले विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर पंचायत प्रधान पदमा कुमारी, मंडल अध्यक्ष रामपुर लाल चंद शर्मा, बृज लाल, अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, राजेश लारजू, अधिवक्ता दर्शन दास कश्यप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें