रामपुर बौद्ध मंदिर में सोमवार को शांति और अध्यात्म के प्रतीक भगवान बुद्ध जयंती पर पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से बौद्ध अनुयायियों ने बौद्ध मंदिर में दीपक जलाकर भगवान बुद्ध का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह और हिमाचल प्रदेश सातवें वितायोग अध्यक्ष एंव विधायक नंद लाल विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने मंदिर में महात्मा बुद्ध की प्रतिभा में दीप जलाकार आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश की जनता को बुद्ध पूणिमा पर बधाई देते हुए कहा कि भगवान बुद्ध हमेशा शांति के प्रतिक रहे हैं और प्रदेश में बौद्ध धर्म के लोग आपस में बडे़ प्यार और भाईचारे के साथ मिलजुल कर रहते हैं। बौद्ध धर्म के गुरु दलाईलामा धर्मशाला में रहते हैं जो हमारे के लिए खुशी की बात है उनका आशीर्वाद हमेशा हम सब पर बना रहता हैं। इस मौके पर बौद्ध मंदिर रामपुर के प्रधान राजा पदम नेगी, उप प्रधान गुरदयालय नेगी सहित समिति के सदस्यों ने मंदिर के मरम्मत की मांग रखी। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लेाक निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि जल्द एस्टीमेट बनाकर का मंदिर की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए। वहीं मंदिर में सुबह से ही बौद्ध अनुयायी पहुंचना शुरू हो गए थे। अनुयायियों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष माथा टेककर और माला का जाप कर परिवार की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। बुद्ध पूर्णिमा पर बौद्ध अनुयायियों के साथ साथ हिंदू धर्म से जुड़े लोगों ने भी मंदिर परिसर में दीये जलाए। समिति की ओर से इस दौरान मंदिर में लंगर की व्यवस्था भी की गई थी। इस के बाद समिति के सदस्यों ने पूरे रामपुर बाजार में रैली के माध्यम से लोगों को शांति का संदेश दिया।