हिमाचल प्रदेश पावर कॉपोरेशन का 17वां स्थापना दिवस पर रिकांगपिओ में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने फिल्मी, पहाड़ी और किन्नौरी गानों की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर किया। कार्यक्रम में निदेशक कार्मिक एचपीपीसीएल शुभम प्रताप सिंह बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। मुख्यातिथि ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निगम हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ऊर्जा उत्पादन में प्रदेश की समृद्धि में कार्यरत हैं। वर्ष 2023 हमारे लिए बहुत ही उपलब्धि भरा रहा है। हरित ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि के लिए वित्तीय वर्ष 2023.24 में 200 मेगावॉट क्षमता के सौर ऊर्जा प्रोजेक्टस स्थापित करने की दिशा में निगम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भूमि की पहचान चरणबद्ध तरीके से हस्तांतरण और डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। 200 मेगावॉट के लिए वित्त पोषण की व्यवस्था विश्व बैंक से की गई है और 6 नवंबर 2023 को इस संदर्भ में ऋण समझौते पर हस्ताक्षर कर लिए गए हैं।