शांति देवी मेमोरियल राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र वर्ग माइनर खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। इसमें 21 खंडों के 850 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कबड्डी, वाॅलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, जूडो और कुश्ती की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में रोहड़ू ओवर ऑल विजेता रहा। मार्च पास्ट में रोहड़ू प्रथम और ननखड़ी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में रोहड़ू विजेता और नेरवा उपविजेता रहा। कबड्डी में छोहरा विजेता और रोहड़ू उपविजेता रहा। खो-खो में देहा प्रथम स्थान व रोहड़ू द्वितीय स्थान रहा। बैडमिंटन प्रतियोगिता में रोहड़ू ने प्रथम और देहा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जूडो में देहा ने पहला स्थान और शिमला ने दूसरा स्थान हासिल किया। कुश्ती प्रतियोगिता में शिमला ने पहला स्थान और कसुम्पटी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। पाठशाला के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नेक राम चौहान ने मुख्यातिथि को टोपी, मफलर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलुनी और कांग्रेस जिला महासचिव अनिरुद्ध सिंह बिष्ट विशेष अतिथि उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने स्कूल प्रबंधन को तीस हजार रुपये की धन राशि भेंट की। पाठशाला के ड्रेनेज सिस्टम के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति तकलेच अध्यक्ष बबलू, ग्रीवीएंस कमेटी शिमला सदस्य राजेश लार्जु, बीडीओ रामपुर, कुकू शर्मा , एडीपीओ शिमला राजेश चौहान, जिला खेल प्रभारी जवाहर शर्मा, जानकी दास, पुरुषोत्तम एसएचओ तकलेच, नेहा स्वास्थ्य विभाग और समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।