पदम छात्र स्कूल रामपुर में आयोजित छात्र वर्ग की जिला स्तरीय इंडोर खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के बैडमिंटन मुकाबले में कुमारसैन और बॉक्सिंग में रोहड़ू जोन ने विजेता का खिताब अपने नाम किया है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहीं। आयोजन समिति ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता रहे खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। तीन दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता में जिला शिमला के 15 शिक्षा खंडों के 56 स्कूलों से आए 384 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के बैडमिंटन मुकाबले में कुमारसैन जोन प्रथम, शिमला-1 ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बॉक्सिंग में रोहड़ू जोन प्रथम, रामपुर जोन द्वितीय, जूडो में बलग पहले, देहा दूसरे, रेसलिंग में चियोग प्रथम, बलदेयां द्वितीय, वेट लिफ्टिंग में नेरवा पहले, धारगौरा दूसरे, चैस में डीएवी गजेड़ी प्रथम, ठियोग द्वितीय, योगा में ठियोग प्रथम, छोटा शिमला द्वितीय, टेबल टैनिस में छोटा शिमला पहले, कुराश में देहा प्रथम और बलग जोन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यातिथि चंद्रप्रभा नेगी ने सभी प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। एडीपीईओ राजेश शर्मा, प्रधानाचार्य राजेश परमार ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को आगामी भविष्य के लिए बधाई दी। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य बिमला शर्मा, इंटक अध्यक्ष जसवीर ठाकुर, पूर्व पार्षद चूड़ामणी, भगवान दास, अमरजीत कौर सहित अन्य मौजूद रहे।