फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर के दुर्गम 15/20 क्षेत्र में कम नहीं हुईं दुश्वारियां, छह पंचायतों के लोग झेल रहे परेशानी

उपमंडल रामपुर के दुर्गम 15/20 क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा के कई माह बाद भी हजारों लोगों की दुश्वारियां थमी नहीं हैं। छह पंचायतों का सड़क संपर्क कटा हुआ है। यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों से कोसों दूर हो गई है। राहत कार्यों में हो रही देरी और अव्यवस्था को देख छह पंचायतों के ग्रामीण अब मुखर हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंप एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। सात दिन में यदि यातायात बहाली के कार्य शुरू नहीं होते तो ग्रामीण रामपुर में आकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। बाढ़ प्रभावित गानवी में यातायात बहाली न होने से छह पंचायतों के ग्रामीण समस्याएं झेल रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर गानवी में गुरुवार को एक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुभाष नेगी ने की। इसमें प्रभावित पंचायतों के लोगों ने भाग लिया। प्रभावितों ने कहा कि भारी बारिश और भूस्खलन से क्षेत्र की सड़कें, खड्डें और खेत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक यातायात बहाल करने और ग्रामीणों की समस्याएं दूर करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बैठक के बाद छह पंचायतों के प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि 17 अक्तूबर तक मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे मजबूरन आंदोलन का रुख अपनाएंगे। रामपुर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें