शिमला जिले में रामपुर उपमंडल के डमराली नाले में शुक्रवार रात करीब 8:00 बजे बादल फटने से नाले का जलस्तर बढ़ने से नोगली-तकलेच सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया। प्रशासन ने नोगली खड्ड के नजदीक अलर्ट जारी कर दिया है। नोगली बाजार की कुछ दुकानों और मकानों को खाली करवा दिया गया है। खड्ड के किनारे के लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। छह पंचायतों में बिजली गुल है। टावर को नुकसान पहुंचने से मोबाइल सिग्नल भी नहीं है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची है। देर रात उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी नोगली पहुंचे। उपायुक्त ने डमराली में फटे बादल से नाले में बढ़े जल स्तर की स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि इस घटना से अभी तक जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। कहा कि जिला प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।