नगर पंचायत निरस्त होते ही हर जगह गंदगी के लग गए ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। नगर पंचायत निरस्त होने के बाद अब गंदगी ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया है। एक ओर जहां पांच पंचायतों से घिरे कस्बे के नदी, नाले गंदगी से लबालब भर चुके हैं, वहीं प्लास्टिक का कचरा हर कही फेंका जा रहा है। आनी के नए बस स्टैंड, ओल्ड बस स्टैंड के साथ लगते नाले, नालडेरा, मिशन काॅलोनी, खोबड़ा पुल के नीचे हर जगह गंदगी का आलम है। खंड विकास कार्यालय के साथ डेउरी खड्ड की तरफ प्लास्टिक का भारी मात्रा में कचरा फेंका हुआ है। आनी कस्बे में सफाई व्यवस्था बिगड़ती जा रही है, जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। नगर पंचायत के अस्तित्व में आने के बाद यहां गंदगी से निजात मिल चुकी थी, लेकिन जबसे नगर पंचायत निरस्त हुई है, तबसे हालात बदतर हैं। आनी कस्बा अब कम, जबकि गंदगी का कस्बा ज्यादा बनता जा रहा है। नगर पंचायत निरस्त होने के बाद संबंधित पंचायतों के वार्ड रामभरोसे है, क्योंकि अब कस्बे वासियों के पास न तो अपना कोई चुना हुआ प्रतिनिधि है और न ही कोई इस ओर सुध लेने को आगे आना चाहता है।
बेतरतीब होती व्यवस्था के आगे सभी मूकदर्शक बने हुए हैं। आनी कस्बे को सुंदर कस्बा बनाने का विजन भी बुद्धिजीवियों की सोच तक ही सीमित होकर रह गया है। आलम यह है कि विजनरी सोच के लोगों की न तो कहीं पूछ होती है और न ही प्रशासनिक अमला इस अव्यवस्थित हो रही समस्या की ओर गंभीरता दिख रहा है।
कस्बे से सटी संबंधित सभी पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक जल्द बुलाई जएगी और समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। - विनोद कटोच, बीडीओ आनी