फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: विश्व रक्तदाता दिवस पर मंडी में 70 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को मंडी जिले में दो स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 70 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदान शिविर गागल और चक्कर में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उनके साथ विभाग के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी रक्तदान में भाग लिया। इस दौरान डॉ. ठाकुर ने शिविरों में पहुंचे लोगों को रक्तदान की शपथ भी दिलाई। डॉ. दिनेश ठाकुर ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और न ही इसे कृत्रिम रूप से तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने बताया कि रक्त समूहों की खोज करने वाले वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टाइनर की स्मृति में प्रतिवर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर 43वीं बार रक्तदान करने वाले व्यापार मंडल नेरचौक के प्रधान अमृत पाल सिंह काका ने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती। उन्होंने बताया कि शरीर में रक्त की पूर्ति बहुत कम समय में हो जाती है और स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर सकता है। उन्होंने लोगों से आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया। शांति मदन मेमोरियल हॉस्पिटल चक्कर के प्रबंध निदेशक तुषार शर्मा ने बताया कि रक्तदान करने वाले लोगों और उनके परिजनों को अस्पताल में निशुल्क ओपीडी सुविधा तथा दवाइयों पर 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल रक्तदाताओं को सम्मानित करने और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें