सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई झमाझम बारिश ने शहर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। करीब 20 मिनट तक हुई बारिश के दौरान तल्याहड़, दो अंब, टारना, स्कूल बाजार, अस्पताल मार्ग, पैलेस कॉलोनी और अन्य क्षेत्रों से बहकर आया गंदा पानी सकोडी खड्ड में पहुंच गया। कई दिनों से जमा कूड़ा-कचरा, रुकी सीवरेज और गंदगी पानी में मिलने से खड्ड का पानी काला पड़ गया तथा आसपास दुर्गंध फैल गई। उधर, बस अड्डा क्षेत्र से आने वाला नाला आईटीआई चौक के पास अवरुद्ध होने से गंदा पानी पुराने सुकेती पुल पर जमा हो गया। क्षेत्रीय अस्पताल में छत की निकासी पाइप बंद होने से नए और पुराने पर्ची काउंटर परिसर में पानी भर गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ी। अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर सीवरेज चैंबर जाम होने से गंदगी सड़क पर फैल गई। लोगों ने कहा कि हर बारिश में अस्पताल परिसर में पानी भरने की समस्या सामने आती है और इसके स्थायी समाधान की जरूरत है।