क्षेत्र की तुलाह पंचायत में तीन दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को शानदार शुभारंभ हुआ। इस समारोह में जोगिंदरनगर विकास मंच के संस्थापक केके सकलानी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मैदान में पहुंचने पर ग्राम पंचायत तुलाह के प्रधान पान सिंह व आयोजक मंडल ने मुख्यातिथि का जोरदार स्वागत किया और मंच पर उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 6 टीमें पहुंचीं। पहला मुकाबला तुलाह और चुल्ला के बीच खेला गया। जिसमें चुल्ला की टीम ने बाजी मारी। दूसरे मुकाबलें में डोल ने सिद्धपुर को हराया। जबकि तीसरे मुकाबले में तुलाह स्कूल ने पंजालग स्कूल को पराजित कर जीत हासिल की। इस अवसर पर मुख्यातिथि केके सकलानी ने कहा कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाकर खेलकूद की ओर जोड़ना है, ताकि एक स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण हो सके। इस मौके पर चौंतड़ा बीडीसी उपाध्यक्ष अशोक कुमार, जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा, एसएमसी प्रधान प्रवीण कुमार और युवक मंडल प्रधान स्वरूप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।