छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर में शारदीय नवरात्र के दौरान अष्टमी और नवमी पर मनाया जाने वाला दो दिवसीय पारंपरिक अष्टमी मेला बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। टारना माता मंदिर के प्रांगण में मनाए जाने वाले इस मेले का नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट ने शुभारंभ किया। उनके साथ नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर सहित अन्य पार्षद और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सबसे पहले माता उग्रतारा की शहर भर में भव्य शोभायात्रा निकली। जो राज माधव राय, सिद्धकाली, सिद्धभैरो और बाबा भूतनाथ मंदिर से होकर गुजरी और यहां पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद माता का रथ टारना माता मंदिर पहुंचा। यहां सभी ने कन्याओं का पूजन करके माता रानी से शहर पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखने का आह्वान किया। नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि यह मेले हमारी प्राचीन और स्मृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी इन आयोजनों से हमारी संस्कृतिक और सभ्यता का क्रम आगे बढ़ रहा है। टारना माता मंदिर पहुंचकर कन्याओं का पूजन भी किया। श्रद्धालु अनुपमा सिंह, पुष्पा ठाकुर, किरण शर्मा और मीना ने बताया कि वे वर्षों से इस मेले में शिरकत कर रहे हैं। मेले के दौरान नगर निगम की तरफ से पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं।