मंडी नगर निगम क्षेत्र में रेहड़ी-फहड़ी वालों की लंबे अरसे से लंबित मांगो को पूरा नहीं करने के विरोध में मंगलवार को निगम कार्यालय में हुई निगम की बैठक में मेयर, पार्षदों और अधिकारियों का घेराव किया और जोरदार नारेबाजी की । इसके चलते मेयर और कमिश्नर को बैठक से उठकर बाहर आना पड़ा और उन्हें मांगें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। उग्र प्रदर्शन के माध्यम से निगम को लंबित मांगें एक सप्ताह में पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद उपायुक्त मंडी को भी निगम की कार्यप्रणाली के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू के जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह, महासचिव राजेश शर्मा यूनियन के प्रधान सुरेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, दीपक, मनी राम,राजू, चन्द्रशेखर, दिनेश, निर्मला, रोशन, सिकंदर, रेहाना, बिमला के अलावा डीवाईएफआई के अध्यक्ष सुरेश सरवाल नने किया । इस दौरान बड़ी संख्या में रेहड़ी-फहड़ी लगाने वालों ने हिस्सा लिया। यूनियन प्रधान सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मंडी नगर निगम में क्षेत्र में लगभग 300 रेहड़ी-फहड़ी मजदूर अपनी आजीविका कमाने का काम लंबे अर्से से करते हैं।