जोगिंद्रनगर में बुधवार दोपहर बाद अचानक चले अंधड़ से मेला कारोबारियों की अस्थायी दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज बारिश से दुकानों में पानी घुसने से कारोबारियों को हजारों का नुकसान हुआ है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक तेज अंधड़ से मेला स्थल में लगी अस्थायी दुकानों की छतें उड़ जाने से खरीदारी को लेकर पहुंचे ग्राहक भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे। दहशत के माहौल के बीच लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।अंधड़ से मेला स्थल पर करीब 10 से 15 दुकानों को नुकसान पहुंचा है। जबकि बारिश का पानी घुस जाने और धूल से 30 कारोबारियों का सामान भी खराब हुआ है। करीब एक घंटे तक जारी अंधड़ से कारोबारियों को अपना सामान संभालने का भी मौका नहीं मिला। धूल और बारिश से दुकानों में रखी खाद्य सामग्री भी खराब हो गई। बुधवार 11:00 से 2:00 बजे तक मेला स्थल में जैसे ही खरीदारी को लेकर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी, अंधड़ का कहर बरपा। इससे पहले कि कारोबारी अपना सामान समेट पाते, दुकानें उखड़ना शुरू हो गईं। कारोबारियों अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। हालांकि, कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। उधर, स्थानीय तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद अचानक आए अंधड़ से हुए नुकसान की जानकारी राजस्व विभाग से मांगी गई है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने के बाद राहत व बचाव से संबंधित कार्य शुरू किए जाएंगे।