सराज के लंबाथाच महाविद्यालय से साइंस संकाय हटाने के प्रस्तावित निर्णय के विरोध में विद्यार्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। छात्र 29 जून को महाविद्यालय परिसर में विशाल प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले गुरुवार को महाविद्यालय और आसपास के गांवों में हस्ताक्षर अभियान चलाकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों का समर्थन जुटाया गया। विद्यार्थियों का कहना है कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से कॉलेज में साइंस संकाय को बनाए रखने और शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग करते रहे हैं। उनका आरोप है कि साइंस संकाय हटने से दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा प्रभावित होगी और कई विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई बीच में छोड़ने की नौबत आ सकती है। महाविद्यालय छात्र संगठन के अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर और सचिव मनीष ठाकुर ने कहा कि साइंस संकाय हटाने का फैसला विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।