माता त्रिपुरी भैरवा मेले के छठे दिन ग्राम पंचायत स्योग पंडोह में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। सीनियर वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें स्थानीय के साथ-साथ जिला स्तरीय टीमों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों में दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। मैदान के चारों ओर भारी भीड़ जमा रही और हर दांव-पेंच पर तालियों की गूंज से माहौल उत्सवमय हो गया। सेमीफाइनल मुकाबलों में बाबा जोगो अकादमी नालागढ़ और पंडोह की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबले के समापन पर मुख्य अतिथि दीपक शर्मा पूर्व जिलाध्यक्ष, कांग्रेस, मंडी ने विजेता टीम को 21,000 नकद राशि व ट्रॉफी तथा उपविजेता को 11,000 नकद राशि व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उनके साथ गौरव कृष्ण वर्मा, अनिल शर्मा, मनिंदर, और ऋषभ गुलेरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। रेफरी की भूमिका में नरेंद्र शर्मा, रफीक मोहम्मद, और चतर सिंह ने निष्पक्ष और कुशल संचालन कर प्रतियोगिता को सफल बनाया। मेला कमेटी अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत स्योग की प्रधान वीना महंत व उपप्रधान फतेह राम ने सभी गणमान्य अतिथियों का पारंपरिक शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।