कांग्रेस सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिलने पर भड़के युवाओं ने मिनी सचिवालय जोगिंद्रनगर में प्रदर्शन किया और सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने के आरोप लगाए। युवा नेता एवं नगर परिषद जोगिंद्रनगर के उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने कहा कि आउटसोर्स, दैनिकभोगी योजना लाकर युवाओं का शोषण करने के बाद अब जॉब ट्रेनी योजना भी बेरोजगार युवाओं के लिए परेशानियों का सबब बन चुकी है। स्थायी कर्मचारी का हक छीनकर प्रदेश कांग्रेस सरकार ने इस योजना को लाकर प्रतिभावान युवाओं को भी बेरोजगारी की गर्त में धकेल दिया है। प्रदर्शन में शामिल आयुष ने कहा कि प्रदेश भर में हजारों युवाओं ने अपने प्रतिभा के बलबूते पर डिग्री-डिप्लोमा कर रखे हैं और अब जब रोजगार की बात आई तो कांग्रेस सरकार ने जॉब ट्रेनी योजना को लागू कर परेशानियों में डाल दिया है। नायब तहसीलदार विनय राशपा के माध्यम से एक ज्ञापन भी प्रदेश कांग्रेस सरकार के शीर्ष नेतृत्व को सौंपा गया। युवाओं ने चेताया कि अगर इस पॉलिसी को बंद नहीं किया तो विधानसभा परिसर में भी पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा।