मंडी जिला के नाचन विस क्षेत्र में लोकसभा चुनावों में हार के कारणों की समीक्षा के लिए 90 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता राम सिंह की अध्यक्षता में गोहर में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया। पिछले 15 महीनों से कार्यकर्ताओं में सम्मेलन न होने पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि वह डाक्टर वाई एस परमार के समय से राजनीति में सक्रिय हैं। पार्टी का ऐसा हश्र होते हुए पहली बार देख रहा हूं। जहां नेताओं का कार्यकर्ताओं के साथ कोई संवाद नहीं है। उन्होंने चेताया कि अगर यही हाल रहे तो नाचन में पार्टी का वजूद बचाना मुश्किल हो जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं लोकसभा चुनाव में हुई हार पर विस्तार से चर्चा की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकसभा चुनाव को हुए छह दिन हो गए हैं लेकिन पार्टी ने एक भी समीक्षा बैठक नहीं बुलाई है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बुरी हालत मंडी जिला में हुई है। मगर अभी तक किसी ने भी हार की जिम्मेदारी नहीं ली है। बैठक में कांग्रेस पार्टी हाईकमान को प्रस्ताव पारित कर मांग उठाई कि संगठन के पदाधिकारियों की नियुक्ति मनोनयन के आधार पर न हो बल्कि प्रत्यक्ष चुनाव से हो। साथ ही टिकटार्थी ऊपर से थोपने के बजाए कार्यकर्ताओं से सलाह मशवरा करने के बाद ही घोषित करने की मांग उठाई। बैठक में उपस्थित पूर्व प्रधान राम सिंह, लालमन त्यागी, डुमनी राम शर्मा, गोविंद राम ठाकुर, भादर सिंह, चिंतराम, मुरारी लाल आचार्य, सेवादल के लालमन, नानक चंद, अजय आनंद ने एक स्वर में कहा कि चुनाव की बुरी हार से पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता को हताशा से उबारने की रणनीति तैयार की जा रही है। इसके लिए नाचन के नेताओं पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। क्योंकि जो संगठन संभाले हुए हैं उनके अपने बूथों पर पार्टी को बढ़त नहीं मिली है। यही हाल विधानसभा चुनाव हार चुके नेताओं का है। यह नेता चुनाव के दौरान ही दिखाई पड़ते हैं और अधिकांश समय गायब रहते हैं। इनका जनता से कोई संवाद नहीं है। संगठन महामंत्री यदोपति ने कहा कि संगठन और सरकार में तालमेल होना जरूरी है तभी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अधिवक्ता हेम सिंह ठाकुर ने कहा कि स्थानीय कांग्रेस नेताओं की आपसी खींचतान से नाचन विकासात्मक कार्यों में लगातार पिछड़ता जा रहा है। बैठक में नाचन विधानसभा के गोहर मुख्यालय में लघु सचिवालय भवन निर्माण, जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय समेत ज्यूणी वैली के जाच्छ में उप तहसील कार्यालय खोलने और गोहर अस्पताल विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती और वहां आधुनिक उपकरणों से लैस लैब स्थापित करने बारे प्रस्ताव पारित किए। इस अवसर संगठन के जिला महासचिव लाभ चंद शर्मा, चमन उपमन्यु, लुदरमणी, ढमेश्वर सिंह, गुरदयाल, देविंद्र, पिंकू, बीरबल बालिया, ललित कुमार, खूब राम, संत राम, लछमण, हेतराम, बालक राम, दिनेश शर्मा, सहित दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।