एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के चल रहे वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-192 में विंग कमांडर ईशा की ओर से एक प्रेरक व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। विंग कमांडर ईशा ने 2015 में गणतंत्र दिवस परेड के दौरान ऑल इंडियन लेडीज कंटिंजेंट का नेतृत्व किया था। उन्होंने कैडेट्स के साथ अपनी प्रेरणादायक यात्रा और अनुभव साझा किए। अपने व्याख्यान में विंग कमांडर ईशा ने अनुशासन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने कैडेट्स को अपने सपनों का पीछा करने, चुनौतियों का डटकर सामना करने और आत्मविश्वास को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। हिमाचल प्रदेश एयर स्कवाड्रन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर व कैंप कमांडेंट विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने बताया कि सुबह के सत्र में एनसीसी एयर विंग कैडेट्स को एरो मॉडलिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर आरसी मॉडल व कंट्रोल लाइन एयरक्राफ्ट मॉडल का प्रशिक्षण व प्रस्तुति दिया गया। डीएवी लकड़ बाजार शिमला व जरी के कैडेट्स को फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट फ्लाइंग ऑफिसर निश्चिल शर्मा, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन, जूनियर वारंट ऑफिसर रहमान, जूनियर वारंट ऑफिसर राकेश समल्होत्रा, जूनियर वारंट ऑफिसर हरबंस यादव व अन्य मौजूद रहे।