शानन बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश धरवाल ने एप्रोच रोड से शानन पावर हाउस तक सड़क की टायरिंग का कार्य पूरा होने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने इसे संघर्ष समिति के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। डॉ. धरवाल ने शानन पावर हाउस के डिप्टी चीफ इंजीनियर का तीन दिन के भीतर मांग पूरी करने धन्यवाद किया। सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बारिश के पानी से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए नालियों का निर्माण तुरंत होना चाहिए। साथ ही, पूर्व में हुए हादसों को देखते हुए एप्रोच रोड से शानन तक रेलिंग लगाना भी बेहद जरूरी है। इस दौरान डॉ. धरवाल ने स्थानीय लोक निर्माण विभाग की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली अन्य सड़कें बेहद खस्ताहाल हैं। उन्होंने स्थानीय एक्सईएन पर तंज कसते हुए कहा कि उनका नाम नायक जरूर है, लेकिन उन्होंने अभी तक नायक वाला कोई काम नहीं किया है। प्रदेश सरकार द्वारा पर्याप्त बजट दिए जाने के बावजूद विभाग सोया हुआ है। उन्होंने मांग की है कि मानसून आने में बचे तीन महीनों के भीतर इन जर्जर सड़कों की टायरिंग का काम तुरंत शुरू किया जाए।