भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक ही मकसद है कि किस पाकिस्तान परस्ती की जाए। सब कुछ सामने होने के बावजूद भारत के खिलाफ होना उनकी दिमागी परेशानी का विषय है। कहा कि आज पाकिस्तान की हिमाकत नहीं है कि वह भारत को कुछ कह सके, लेकिन भारत में रहकर कांग्रेस के कुछ लोग पड़ोसी मुल्क की इस कमी को पूरा कर रहे हैं। वह सोमवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं ने देश-दुनिया में जाकर भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की और पाकिस्तान को दुतकारा। दुनियाभर में पाकिस्तान को बेनकाब किया, लेकिन राहुल गांधी तुष्टीकरण की राजनीति के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार है। इसीलिए वह भारत का ही विरोध करना शुरू कर देते हैं। देश दुनिया ने जो देखा उसे भी राहुल गांधी नकारने का काम करते हैं, ऐसे में यह दिमागी परेशानी का ही विषय है। बिंदल ने तंज कसते हुए कहा कि सुक्खू की सरकार काबिले तारीफ है और इसका कोई भी मुकाबला नहीं किया जा सकता है। सत्ता में आने से पूर्व कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से कई वादे किए, लेकिन अब कुछ नहीं हो पा रहा है। सरकारी अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सभी निशुल्क सुविधाओं को बंद किया जा रहा है। आज पर्ची से लेकर टेस्ट पर शुल्क लिया जा रहा है। हिम केयर के बाद अब प्रदेश की जनता को आयुष्मान योजना का भी लाभ नहीं मिल रहा है। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर हो रही देरी पर पूछे गए सवाल पर डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा हर कार्य योजनाबद्ध तरीके से करती है और करती रहेगी। दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी में धक्केशाही ही है जो हमेशा चलती रहेगी। इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंडी में मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरा होने पर आयोजित संकल्प से सिद्धि कार्यशाला की अध्यक्षता भी की। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा मौजूद रहे।